भोपाल । शुक्रवार 31 जनवरी से तीन दिन तक बंद रहेंगे बैंक। इस कारण प्रदेश के करीब 15 लाख अधिकारी, कर्मचारी और पेंशनरों को जनवरी का वेतन व पेंशन मिलने में देरी होगी। बैंकों में 31 जनवरी व 1 फरवरी को हड़ताल है। 2 फरवरी को अवकाश है। इस तरह हड़ताल व अवकाश के कारण बैंकों में कामकाज प्रभावित होगा। बैंककर्मी लंबित मांगों का निराकरण नहीं करने से नाराज हैं। इन्होंने 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स बैंक कर्मचारियों का साझा मंच है। इसमें कुल 9 यूनियनें हैं। इन्होंने सामूहिक रूप से हड़ताल बुलाई है इसलिए 99 फीसदी हड़ताल की संभावना है। यदि हड़ताल हुई तो अधिकारी, कर्मचारी सभी शामिल होंगे और बैंक बंद रहेंगे। हालांकि केंद्र सरकार यूनियन पदाधिकारियों से संपर्क में हैं।